सरायकेला/ Prerna Ojha जिला मुख्यालय सभागार में शनिवार को उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने कृषि विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की. बैठक में उप विकास आयुक्त सुश्री रीना हांसदा, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, JSLPS के जिला परियोजना प्रबंधक, सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारी, प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी, तकनीकी प्रबंधक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के सभी पात्र किसानों को समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए. उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और इसके सशक्तिकरण के लिए योजनाओं का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन अत्यंत आवश्यक है. उपायुक्त ने किसानों को उन्नत बीज, कृषि यंत्र, उर्वरक, कीटनाशक आदि अनुदानित दर पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. उन्होंने यह भी कहा कि किसानों को उनके खेतों की मिट्टी की गुणवत्ता के आधार पर उन्नत फसलों के चयन हेतु मार्गदर्शन प्रदान किया जाए, जिससे उत्पादन क्षमता और आय में वृद्धि सुनिश्चित की जा सके. उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जलवायु अनुकूल खेती, जैविक खेती तथा मिट्टी परीक्षण से संबंधित जानकारियों को लेकर प्रत्येक पंचायत में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि किसानों में आधुनिक एवं टिकाऊ कृषि प्रणाली के प्रति रुचि विकसित हो सके.
आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में कार्य.
उपायुक्त श्री सिंह ने कहा कि किसानों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में कार्य करना हम सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए. योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे किसान तक पहुंचे, इसके लिए जमीनी स्तर पर कार्य कर रहे पदाधिकारियों की सक्रिय भागीदारी एवं जवाबदेही सुनिश्चित करें.

