सरायकेला: डिस्ट्रिक्ट सिविल कोर्ट के अधिवक्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल जिला बार एसोसिएशन के पूर्व उपाध्यक्ष ओम प्रकाश के नेतृत्व में शुक्रवार को झारखण्ड हाई कोर्ट स्थित कार्यालय में झारखंड सरकार के महाधिवक्ता सह झारखंड स्टेट एडवोकेट वेलफेयर एवं ट्रस्टी कमिटी के चेयरमैन राजीव रंजन से मिला. और एक ज्ञापन सौंपा.

प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंपकर बताया कि सरायकेला जिले में 200 से अधिक अधिवक्ता हैं, लेकिन अब तक केवल 8 से 10 अधिवक्ताओं का ही राज्य सरकार द्वारा शुरू किए गए स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत डाटा एंट्री हो पाई है. उन्होंने आग्रह किया कि जल्द से जल्द दो प्रशिक्षित कर्मियों को सरायकेला बार भेजा जाए, ताकि सभी अधिवक्ताओं, उनके परिवार और आश्रितों का डाटा एंट्री कर बीमा स्वीकृति सुनिश्चित की जा सके.
महाधिवक्ता के निर्देश पर 20 फरवरी और 21 फरवरी की तिथि निर्धारित की गई है. इन तिथियों पर सरायकेला जिला बार के अधिवक्ताओं का स्वास्थ्य बीमा से संबंधित डाटा एंट्री किया जाएगा. सभी अधिवक्ताओं से अपील की गई है कि वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित तिथि पर उपस्थित हों. इस अवसर पर जिला बार एसोसिएशन के पूर्व संयुक्त सचिव भीम सिंह कुदादा और अधिवक्ता दीपेंद्र नाथ ओझा भी मौजूद रहे.

