सरायकेला: जिले में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए. इस मौके पर उपायुक्त नितिश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत सहित जिले के वरीय पदाधिकारियों ने समाहरणालय भवन परिसर में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के तैलिय चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए.

इसके अलावा बिरसा चौक पर भगवान बिरसा मुंडा, सिदो- कान्हू पार्क में वीर शहीद सिदो- कान्हू, समाहरणालय भवन परिसर में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा तथा कोर्ट मोड़ स्थित लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण कर नमन किया गया.
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी का सत्य, अहिंसा और सद्भाव का संदेश आज भी समाज को बेहतर दिशा देता है. लाल बहादुर शास्त्री का ‘जय जवान, जय किसान’ का अमर नारा हमें राष्ट्र निर्माण हेतु प्रेरित करता है. भगवान बिरसा मुंडा और सिदो- कान्हू जैसे महान स्वतंत्रता सेनानियों का त्याग और बलिदान हमें अपने कर्तव्यों के प्रति सदैव समर्पित रहने की प्रेरणा देता है. उन्होंने कहा कि उनके आदर्शों को आत्मसात कर ही एक न्यायपूर्ण और समतामूलक समाज की स्थापना की जा सकती है.

