सरायकेला/ Pramod Singh होली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से उपायुक्त नितीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में तथा पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत की उपस्थिति में जिला स्तरीय शांति समिति की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक आयोजित की गई. बैठक में पर्व के दौरान विधि- व्यवस्था संधारण, सुरक्षा प्रबंध, निगरानी तंत्र एवं विभागीय समन्वय से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा- निर्देश जारी किए गए.

बैठक में सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखने, भ्रामक एवं अफवाह फैलाने वाली सूचनाओं पर त्वरित नियंत्रण करने, 4 मार्च को घोषित ड्राई डे का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने तथा अवैध शराब की बिक्री, भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया. साथ ही ड्रंक एंड ड्राइव के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाने, संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने एवं नियमित पुलिस गश्ती सुनिश्चित करने पर बल दिया गया.
सभी अनुमंडल एवं थाना स्तर पर शांति समिति की बैठक आयोजित कर लिए गए निर्णयों का सतत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी. उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने जिलेवासियों को होली की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि पर्व को आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता एवं पारस्परिक सम्मान की भावना के साथ मनाएं. उन्होंने नागरिकों से अनुरोध किया कि किसी भी धर्म अथवा समुदाय की भावनाओं को आहत करने वाली गतिविधियों से परहेज करें. अन्य धर्मों के पूजा स्थलों एवं धार्मिक परिसरों की गरिमा का सम्मान करें. वहां अनावश्यक भीड़ एकत्र न करें तथा आतिशबाजी जैसी गतिविधियों से बचें. साथ ही किसी भी व्यक्ति पर उसकी इच्छा के विरुद्ध रंग न लगाया जाए तथा संयम एवं मर्यादा के साथ होली मनाई जाए.

