सरायकेला/ Pramod Singh विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने उप विकास आयुक्त सुश्री रीना हांसदा और अन्य वरीय अधिकारियों के साथ सिदो- कान्हू पार्क, सरायकेला में आदिवासी महापुरुषों और वीर नायकों को नमन किया. उन्होंने सिदो- कान्हू, बिरसा मुंडा, डिब्बा- किशुन एवं झारखंड के अन्य महापुरुषों के स्मारक और तैलचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए.

माल्यार्पण के उपरांत उपायुक्त ने कहा कि आदिवासी समाज की गौरवशाली परंपरा, त्याग और बलिदान सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं. विश्व आदिवासी दिवस न केवल आदिवासी समाज की पहचान और गौरव का प्रतीक है, बल्कि यह हमें अपनी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित कर आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का अवसर भी प्रदान करता है. उन्होंने कहा कि हमें आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपरा, कला, विरासत और वैश्विक संस्कृति में उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इनके संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लेना चाहिए. उपायुक्त ने जिले के नागरिकों से सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और विकास में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया. उन्होंने आदिवासी समाज के प्रति सम्मान और समर्थन व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

