सरायकेला/ Pramod Singh भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और झारखंड राज्य के 25वें स्थापना दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न स्थलों पर भव्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित हुए. उपायुक्त नितिश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत सहित अन्य पदाधिकारियों ने समाहरणालय परिसर, बिरसा चौक और सिद्धू-कानू पार्क में स्थापित प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए.

उपायुक्त ने कहा कि बिरसा मुंडा, सिद्धू-कानू सहित हमारे महानायकों का संघर्ष झारखंड की अस्मिता, अधिकारों और विकास की नींव है. उन्होंने राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने को उत्सव के साथ-साथ आत्ममंथन और भविष्य की दिशा तय करने का महत्वपूर्ण अवसर बताया. डीसी ने जिले के सर्वांगीण विकास को लेकर प्रशासन की प्रतिबद्धता को दोहराया.
वहीं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने भी जिलेवासियों को बिरसा मुंडा जयंती और स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ दीं और शांति, एकता तथा विकास के संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया.
कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों, कर्मियों और आम नागरिकों ने झारखंड को एक प्रगतिशील, समृद्ध और आत्मनिर्भर राज्य बनाने का संकल्प लिया.

