सरायकेला: दुर्गा पूजा विसर्जन को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की गई. बैठक में पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अपर नगर आयुक्त आदित्यपुर रवि प्रकाश, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला और चांडिल सहित वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे.

बैठक में उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि सभी चिन्हित विसर्जन घाटों पर समुचित सुरक्षा व व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. घाटों का समतलीकरण, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, गोताखोरों और नाव की उपलब्धता अनिवार्य हो. पानी में प्रवेश हेतु स्पष्ट सीमा चिह्नित की जाए और प्रतिदिन भौतिक सत्यापन किया जाए.
विसर्जन जुलूस केवल पूर्व निर्धारित मार्ग से ही चिन्हित घाटों तक पहुंचे. साम्प्रदायिक या भड़काऊ गीतों के प्रसारण पर पूरी तरह रोक रहेगी. संवेदनशील क्षेत्रों और शुक्रवार को होने वाले जुलूसों पर विशेष सतर्कता बरती जाए. यातायात संचालन सुचारू रखने के साथ “ड्रंक एंड ड्राइव” रोकने के लिए वाहन जांच अभियान चलाया जाए.
उपायुक्त ने कहा कि खड़खाई और सुवर्णरेखा नदी का जलस्तर ऊँचा होने के कारण समितियों को पूर्व में सचेत किया जाए. रावण दहन स्थलों पर भी पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित हो. 2, 3 और 4 अक्टूबर को निर्धारित विसर्जन तिथियों के दौरान सभी आवश्यक तैयारियाँ पूरी स्थिति में बनी रहें और पूजा पंडाल समितियों के साथ समन्वय कर कार्यक्रम को शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराया जाए.
बैठक में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, कार्यपालक दंडाधिकारी, नगर निकायों के अधिकारी, थाना प्रभारी और विभिन्न विभागों के अभियंता भी मौजूद रहे.

