सरायकेला: आगामी 29 दिसंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के एनआईटी जमशेदपुर, आदित्यपुर में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने आवश्यक दिशा- निर्देश जारी किए हैं. सूचना भवन से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 29 दिसंबर को प्रातः 09:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अवश्यकतानुसार यातायात व्यवस्था प्रभावित अथवा प्रतिबंधित रहेगी, जबकि कुछ प्रमुख मार्गों पर आवागमन अस्थायी रूप से बाधित हो सकता है.

इसी के मद्देनजर श्रम अधीक्षक सरायकेला- खरसावां अविनाश कुमार ठाकुर द्वारा जिले के सभी कारखाना एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रबंधकों को निर्देशित किया गया है कि जहां कार्य- पाली (शिफ्ट) प्रणाली लागू है, वहां 29 दिसंबर को प्रथम पाली का समापन अपराह्न 02:00 बजे के बजाय अपराह्न 04:00 बजे किया जाए. साथ ही द्वितीय पाली का संचालन अपराह्न 04:00 बजे के पश्चात प्रारंभ करने का निर्देश दिया गया है.
श्रम अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि यह व्यवस्था कर्मचारियों एवं कामगारों को आवागमन में होने वाली संभावित असुविधा से बचाने तथा कानून- व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था के संधारण में सहयोग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है.
वहीं राष्ट्रपति के कार्यक्रम से संबंधित मीडिया कवरेज को लेकर भी दिशा- निर्देश जारी किए गए हैं. इसके तहत मीडिया पास केवल उन्हीं पत्रकारों को प्रदान किए जाएंगे, जिनके पास भारत सरकार के प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (PIB), सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अधीन सेंट्रल प्रेस एक्रिडिटेशन कमेटी (CPAC) अथवा झारखंड सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा निर्गत वैध एग्रीडिटेशन कार्ड उपलब्ध होगा. सक्षम प्राधिकरण द्वारा निर्गत एग्रीडिटेशन कार्ड धारक पत्रकारों को ही मीडिया पास प्रदान किया जाएगा.

