सरायकेला/ Prerna Ojha जिले के हो रहे बारिश को देखते हुए उपायुक्त- सह- जिला दण्डाधिकारी नीतीश कुमार सिंह द्वारा संभावित आपदा जोखिम को ध्यान में रखते हुए जिले के समस्त कार्यपालक एवं तकनीकी इकाइयों को तत्काल प्रभाव से हाई अलर्ट पर रहने तथा सुनियोजित एवं समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं.

उपायुक्त के निर्देश
संवेदनशील क्षेत्र चिह्नित कर त्वरित निगरानी प्रारंभ करने. स्थानीय प्रशासनिक इकाइयों को पूरी तरह से सतर्क रहने. सार्वजनिक जल स्रोतों की नियमित जांच एवं पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने. कृषि एवं पशुधन की क्षति न्यूनतम हो, इसके लिए तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने. स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड में रहने. आपदा प्रबंधन हेतु समन्वय एवं नियंत्रण व्यवस्था सुदृढ़ करने. राहत व पुनर्वास की पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.
आपदा प्रबंधन की तैयारी
उपायुक्त ने अपर उपायुक्त को जिला स्तरीय समन्वयक नियुक्त करते हुए निर्देशित किया है कि वे समस्त विभागों के बीच सूचना का त्वरित आदान- प्रदान एवं आवश्यक निर्णय क्रियान्वयन सुनिश्चित करें. अनुमंडल पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारीगण को निर्देशित किया गया है कि जलस्तर में अप्रत्याशित वृद्धि की स्थिति में 24×7 राहत एवं आपूर्ति केंद्र सक्रिय किए जाएं तथा नागरिकों को सुरक्षित स्थलों तक स्थानांतरित करने की रणनीति पूर्व से तैयार रखें.

