आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai बुधवार को दलित सेना के संस्थापक सदस्य तथा पद्मभूषण स्वर्गीय रामविलास पासवान के करीबी सहयोगी रहे स्वर्गीय राम विनय पासवान की 22वीं पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई. कार्यक्रम का आयोजन उनके पौत्र और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश सचिव मनोज पासवान के नेतृत्व में किया गया.

इस अवसर पर स्वर्गीय राम विनय पासवान के सामाजिक संघर्ष और योगदान को याद करते हुए वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने अपने जीवनकाल में गरीब, शोषित, वंचित और दलित समाज के हक और अधिकार के लिए निरंतर संघर्ष किया. 1984 के दशक में पद्मभूषण स्वर्गीय रामविलास पासवान के साथ मिलकर उन्होंने कोल्हान क्षेत्र में दलित सेना संगठन को सशक्त और मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण कार्य किया था.
बताया गया कि सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने समाज के उत्थान के लिए अथक परिश्रम किया. उनके आह्वान पर उस समय केंद्रीय मंत्री रहे स्वर्गीय रामविलास पासवान आदित्यपुर पहुंचे थे और दलित समाज के सशक्तिकरण का संकल्प दोहराया था. वक्ताओं ने कहा कि आज भी उनके संघर्ष और विचार समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं.
पुण्यतिथि के अवसर पर कई सामाजिक संगठनों, राजनीतिक दलों और समाजसेवियों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की. इनमें पूर्व नगर उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह, कांग्रेस प्रदेश सचिव सुरेश कुमार धारी, समाजसेवी रवीनाथ चौबे, दलित सेना के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामजी प्रसाद, एससी-एसटी समन्वय समिति अध्यक्ष पंडी मुखी, रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव दया शंकर मिश्रा, भाजपा मंडल महामंत्री सुनीता पासवान, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष सावन गुप्ता, लोजपा जिला अध्यक्ष अनिल पासवान, खिरोड़ सरदार, बाबू तांती, भवानी देवी, मीरा देवी, कुंदन थापा, रूपलाल महतो, अवधेश पासवान, विजय कुमार बैठा, अनिल मुखी, आलोक मिश्रा, संतोष पासवान सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने उनके बताए मार्ग पर चलने और सामाजिक न्याय के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
