सरायकेला: जिले में आगामी 26 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं. इसी क्रम में समाहरणालय सभागार में मंगलवार को अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई.

बैठक में विगत बैठकों में विभिन्न विभागों को सौंपी गई जिम्मेदारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई. अपर उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि समारोह से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं हर हाल में 24 जनवरी 2026 तक पूर्ण कर ली जाएं. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. अपर उपायुक्त ने कहा कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रस्तुत की जाने वाली झांकियां देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, भारतीय संस्कृति एवं सांस्कृतिक विरासत को प्रतिबिंबित करने वाली होनी चाहिए. सभी विभागों को निर्देश दिया गया कि झांकी की विषय- वस्तु गरिमामय, अनुशासित और संदेशपूर्ण हो तथा प्रस्तुति में राष्ट्रीय भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दे.
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपर उपायुक्त ने मुख्य समारोह स्थल पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके.
उन्होंने मंच व्यवस्था, परेड, ध्वजारोहण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, अतिथियों के बैठने की व्यवस्था, प्रकाश और ध्वनि प्रणाली, स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, यातायात नियंत्रण और सुरक्षा से संबंधित सभी कार्यों को समयबद्ध और आपसी समन्वय के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए.
बैठक में निदेशक डीआरडीए अजय तिर्की, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता तथा जिला एवं प्रखंड स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे.

