सरायकेला/ Pramod Singh थाना क्षेत्र अंतर्गत कालाडूंगरी के समीप गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान चांडिल प्रखंड के बंसा गांव निवासी गनत लोहार के पुत्र वैद्यनाथ लोहार के रूप में हुई है.

घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार वैद्यनाथ अपने एक दोस्त को छोड़ने के लिए कालाडूंगरी क्षेत्र आया था. बताया जाता है कि उसका दोस्त शुक्रवार सुबह उससे मिलने बंसा गया था और शाम को वैद्यनाथ उसे उसके गांव छोड़ने पहुंचा था.

दोस्त को छोड़कर लौटने के दौरान घाघी के समीप पुलिया के पास उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सीधे पुल के नीचे जा गिरी. हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई. शनिवार सुबह जब कुछ ग्रामीण पुलिया की ओर गए तो नीचे गिरी बाइक और युवक को देखकर पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सरायकेला भेज दिया. साथ ही परिजनों को घटना की जानकारी दी गई.
इस घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

