सरायकेला/ Pramod Singh थाना अंतर्गत तितरबिला पुल के समीप सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. जहां सड़क किनारे खड़े हाइवा के पीछे से बाइक टकराने के कारण दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को तुरंत सरायकेला सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक को मृत घोषित कर दिया.

मृतक की पहचान उत्तमडीह निवासी शंभू महतो के रूप में हुई है. वह अपने ससुराल कालापाथर गांव आए हुए थे और अपने साला जीतू महतो के साथ बाइक पर सरायकेला बाजार गए थे. लौटते समय तितरबिला पुलिया के समीप ढाबा के पास खड़े हाइवा से उनकी बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई. इस हादसे में शंभू महतो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जीतू महतो गंभीर रूप से घायल हो गए.
घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जमशेदपुर रेफर कर दिया गया है. घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हाइवा चालक के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रही है. हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल हो गया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है.

