सरायकेला/ Pramod Singh थाना क्षेत्र के साहेबगंज के पास बुधवार को एक बाइक सड़क किनारे खड़े ब्रेकडाउन ट्रक से टकरा गई. इस हादसे में बाइक सवार रजनीश कुमार सिंह (19 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया. राहगीरों की मदद से घायल युवक को सदर अस्पताल सरायकेला पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है.

जानकारी के मुताबिक रजनीश कुमार सिंह जमशेदपुर के बागबेड़ा का निवासी है. बुधवार को वह बाइक (नं. JH05EB 0296) से सरायकेला आया हुआ था. घटना दोपहर के समय की है, जब वह टाटा की ओर लौट रहा था. रास्ते में साहेबगंज के पास एक ब्रेकडाउन ट्रक को ओवरटेक करते वक्त सामने से एक और ट्रक आ गया. ट्रक से बचने की कोशिश में रजनीश अपनी बाइक को ब्रेकडाउन ट्रक की ओर मोड़ बैठा, जिससे टक्कर हो गई. घटना के समय सरायकेला निवासी विकास कवि और इमरान अहमद वहां से गुजर रहे थे. दोनों ने इंसानियत दिखाते हुए घायल युवक को सड़क से हटाया और टीएमएच जा रही एक एंबुलेंस को रोककर युवक को सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचाया. समय पर इलाज शुरू हो सका. युवक के चेहरे और सिर पर चोटें आई हैं.

