सरायकेला/ Pramod Singh सरायकेला थाना अंतर्गत सरायकेला- कांड्रा मुख्य मार्ग पर दुगनी के समीप घटी एक सड़क दुर्घटना में पांच बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना रविवार तकरीबन 2: 30 बजे की बताई जा रही है.

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि जमशेदपुर के किसी कंपनी में काम करने वाले चक्रधरपुर निवासी 20 वर्षीय मानकी हांसदा अपनी 8 साल की बेटी लक्ष्मी हांसदा को लेकर 30 वर्षीय जामुदार चाम्पिया के साथ बाइक से जमशेदपुर से चक्रधरपुर की ओर जा रहे थे. इसी क्रम में बाइक से गम्हरिया मिरुडीह जा रहे बंदगांव निवासी पति- पत्नी 21 वर्षीय सलीम बांकीरा और 18 वर्षीय मनीषा मुंडरी के बाइक दुगनी गांव के समीप आमने- सामने टक्कर हो गई. जिसमें उक्त सभी पांचो गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से रोड एंबुलेंस द्वारा पांचो घायलों को सरायकेला सदर अस्पताल लाया गया. जहां पैर में गंभीर चोट लगने से जामुदर चांपिया और सलीम बंकीरा की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद उक्त दोनों को जमशेदपुर के एमजीएम के लिए रेफर कर दिया गया. घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची सरायकेला थाना पुलिस ने दोनों बाइकों को जप्त कर आगे कार्रवाई में जुट गई है.

