बांका: बिहार के बांका जिले के बड़ी ढाका गांव में शनिवार को झारखंड सरकार के श्रम संसाधन मंत्री सह गोड्डा विधायक संजय यादव की माता स्वर्गीय प्राणवती देवी का श्राद्धक्रम संपन्न हुआ. इस कार्यक्रम में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रविन्द्र महतो, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. ईरफान अंसारी सहित सैकड़ों वीवीआईपी और हजारों वीआईपी शामिल हुए.

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्वर्गीय प्राणवती देवी के तेल चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर ढांढस बंधाया और कहा कि इस दुख की घड़ी में सरकार और वे स्वयं परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं. वहीं बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी स्वर्गीय प्राणवती देवी को श्रद्धांजलि अर्पित की और परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की. उन्होंने कहा कि दिवंगत आत्मा की स्मृति हमेशा परिवार और समाज को मार्गदर्शन देती रहेगी.

श्राद्ध कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी रही. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अगवानी राजद नेता एवं आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेन्द्र नारायण सिंह ने की. आयोजन के दौरान अतिथियों के स्वागत, समन्वय और व्यवस्था में उनकी सक्रिय भूमिका देखने को मिली.

