गया: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर देशभर और विदेशों से शुभकामनाओं का सिलसिला जारी है. इसी बीच बिहार के अंतरराष्ट्रीय सैंड और लीफ आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने बुधवार को बरगद के हरे पत्ते पर भगवान शिव से आशीर्वाद लेते हुए प्रधानमंत्री मोदी की सूक्ष्म और बारीक तस्वीर बनाकर एक अनूठी बधाई दी. उन्होंने इस पत्ता कला को पांच घंटे के कठिन परिश्रम के बाद तैयार किया और लिखा– “हैप्पी बर्थडे नमो @ 75 ईयर.” मधुरेंद्र ने प्रधानमंत्री की दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की.

मधुरेंद्र इससे पहले भी कई बार अपनी कला के ज़रिए प्रधानमंत्री को शुभकामनाएँ दे चुके हैं. 2023 में उन्होंने हर घर तिरंगा कैंपेन पर 3 सेमी वाले पीपल के पत्ते पर कलाकृति बनाई थी. 2024 में उन्होंने माता हीरा बेन के साथ मोदी का चित्र बनाकर जन्मदिन की शुभकामना दी थी. 2025 में उन्होंने भागलपुर में प्रधानमंत्री के स्वागत में 20 टन बालू से भव्य मूर्तियां तैयार की थीं. हाल ही में सीमांचल के पूर्णिया में पीएम के आगमन पर उन्होंने 3 सेमी वाले पत्तों पर अमृत भारत ट्रेन और राष्ट्रीय मखाना बोर्ड के साथ प्रधानमंत्री की तस्वीर बनाकर स्वागत किया था.
मधुरेंद्र कुमार बिहार के चर्चित सैंड आर्टिस्ट हैं. 05 सितंबर 1994 को चंपारण में जन्मे मधुरेंद्र ने महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ विश्वविद्यालय, वाराणसी से बीएफए और एमएफए किया. उन्होंने श्रीलंका, अमेरिका, भूटान, रूस, जापान और थाईलैंड समेत कई देशों में सैंड आर्ट का प्रदर्शन किया है. 2019 में उन्हें कोणार्क इंटरनेशनल सैंड आर्ट फेस्टिवल में इंटरनेशनल सैंड आर्ट अवॉर्ड मिला और उसी वर्ष उन्हें मतदाता जागरूकता अभियान के लिए ब्रांड एम्बेसडर भी बनाया गया.
मधुरेंद्र के प्रमुख कार्यों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 50 टन रेत से बनी 20 फीट ऊंची प्रतिमा, लंदन वर्ल्ड रिकॉर्ड सैंड आर्ट (2025) और मतदाता जागरूकता पर आधारित कई कलाकृतियाँ शामिल हैं. उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 60 से अधिक पुरस्कार मिल चुके हैं, जिनमें लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड, भारत गौरव सम्मान और ग्लोबल बिहार एक्सीलेंस अवार्ड शामिल हैं.

