जमशेदपुर/ शुभम Mishra सरायकेला जिले के चांडिल अनुमंडल के रुगड़ी (डोबो) में 8 मार्च 2026 से शुरू होने वाले 9 दिवसीय श्री 108 कुंडीय श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ सह धर्म और संत सम्मेलन तथा अखंड हरि नाम संकीर्तन को सफल बनाने के लिए आयोजक लगातार व्यापक प्रचार- प्रसार कर रहे हैं. रविवार को बर्मामाइंस स्थित बाबाकुटी श्री राम मंदिर प्रांगण में जन जागरण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां क्षेत्र के प्रबुद्ध जनों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई. इस बैठक में बड़ी संख्या में सनातन प्रेमी उपस्थित रहे.

आयोजकों ने बताया कि इस संत समागम में बागेश्वर धाम के पीठाधीश पंडित धीरेंद्र शास्त्री सहित देशभर के कई प्रसिद्ध संत और शंकराचार्य शामिल होंगे. आयोजन समिति के अनुसार यह महायज्ञ धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक दृष्टि से ऐतिहासिक होने वाला है.
महायज्ञ में 108 कुंडीय श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ, नौ दिवसीय अखंड हरि नाम संकीर्तन, पंचांग पूजन, कलश यात्रा, भूमि पूजन, 1008 कन्या पूजन, गौ माता पूजन, नंदी भगवान पूजन और विधवा, अनाथ एवं वृद्धाश्रम की माताओं का पैर पूजन जैसे आध्यात्मिक व सामाजिक कार्यक्रम होंगे. इसके साथ ही 1008 मुफ्त सामूहिक विवाह, भव्य रामलीला व श्रीकृष्ण लीला मंचन, भागवत कथा, शिव कथा, राम कथा, हनुमंत कथा और भजन-कीर्तन कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण होंगे.
संत सम्मेलन में सनातन धर्म के प्रचार- प्रसार, संस्कार सनातन गुरुकुल दर्शन, धार्मिक झांकियां, नि:शुल्क चिकित्सा शिविर, योग और ध्यान शिविर, वैदिक संस्कृति प्रदर्शनी, पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम तथा बच्चों के लिए विशेष गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी. आयोजन समिति ने समाज के सभी वर्गों से इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने हेतु सहयोग की अपील की है. समिति ने कहा कि यह आयोजन केवल आध्यात्मिक नहीं बल्कि सामाजिक उत्थान के लिए भी प्रेरक होगा.
इस अवसर पर आचार्य पुरुषोत्तम शास्त्री, मनोज सिंह, अवतार सिंह गांधी, जनार्दन पांडेय, अशोक पांडे, दुर्गा भट्ट, हरि मुखी, चंदन प्रामाणिक, उमेश चंद्र मिश्रा, पप्पू राव, रेणु शर्मा, कृष्ण मुरारी, वीरेंद्र भगत और विजय कुमार सिन्हा समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.

