समस्तीपुर: सिविल सर्जन डॉ. एस.के. चौधरी का मंगलवार को अचानक निधन हो गया. वे भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर के पैतृक गांव करपुरीग्राम में कर्पूरी जयंती समारोह की तैयारियों का निरीक्षण करने पहुंचे थे. इसी दौरान उनकी तबियत अचानक बिगड़ गई और उन्हें चक्कर आ गया, जिससे वे गिर पड़े.

घटना के बाद उन्हें तुरंत समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया. चिकित्सकों ने स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें शहर के निजी मेडिकाना अस्पताल में रेफर किया. मेडिकाना अस्पताल में इलाज के दौरान डॉ. एस.के. चौधरी की मौत हो गई.
सिविल सर्जन के निधन की सूचना मिलते ही प्रशासनिक महकमे में शोक की लहर दौड़ गई. समस्तीपुर के जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा और पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह सहित कई वरीय पदाधिकारी अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली.
स्वास्थ्य कर्मियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने डॉ. एस.के. चौधरी को एक कर्मठ, ईमानदार और जनसेवा के प्रति समर्पित अधिकारी बताया. उनके आकस्मिक निधन से जिले के स्वास्थ्य विभाग को अपूरणीय क्षति पहुंची है.

