साहिबगंज: जिले के बरहेट थाना क्षेत्र स्थित माडेकोटा जंगल से शनिवार को पुलिस ने 55 वर्षीय महिला का शव बरामद किया है. शव बुरी तरह क्षत- विक्षत अवस्था में मिला, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान चिहार पहाड़ निवासी के रूप में हुई है.

घटना के बाद मृतका के पुत्र ने पुलिस को बताया कि उसकी मां गुरुवार से लापता थी. लगातार खोजबीन की जा रही थी, इसी दौरान जंगल से शव बरामद हुआ. पुत्र ने आशंका जताई कि पहले उसकी मां के साथ दुष्कर्म किया गया और उसके बाद हत्या कर शव जंगल में फेंक दिया गया.

बरहेट थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. फिलहाल पुलिस एक- एक सुराग को जोड़कर मामले की गहन छानबीन में जुटी है. इस घटना से क्षेत्र में दहशत और आक्रोश दोनों का माहौल है.

