साहिबगंज: जिले के तीनपहाड़ थाना से महज 150 मीटर की दूरी पर स्थित तीनपहाड़ मुख्य बाजार के भगत मोहल्ले में संचालित चर्चित चंचला ज्वेलर्स की दुकान में बीती रात अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये के सोने- चांदी के गहनों पर हाथ साफ कर दिया.

घटना को लेकर पीड़ित दुकानदार अरुण सोनी ने बताया कि वे रोजाना की तरह बीती रात दुकान बंद कर घर चले गए थे. इसी बीच शुक्रवार की मध्यरात्रि को किसी ने सूचना दी कि उनकी दुकान में चोरी की घटना हुई है. जानकारी मिलते ही पीड़ित तुरंत मौके पर पहुंचे, जहां देखा कि दुकान के किनारे बनी ईंट की दीवार को तोड़कर और शटर खोलकर चोर अंदर घुस गए थे.
चोरों ने दुकान में रखे लगभग आठ लाख रुपये मूल्य के गहने, जिनमें करीब चार किलो चांदी, पच्चीस ग्राम सोना और करीब दस हजार रुपये नकद शामिल हैं, चोरी कर लिए और फरार हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही तीनपहाड़ थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार पांडे दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है.इस वारदात के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में रोष और दहशत का माहौल है. स्थानीय दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
