साहिबगंज: जैप-09 के जवान आरक्षी श्याम कुमार का इलाज के दौरान निधन हो गया. इस दु:खद खबर से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई. श्याम कुमार चतरा जिले के टंडवा गांव के निवासी थे और वर्तमान में साहिबगंज स्थित जैप-09 में आरक्षी 348 के पद पर पदस्थापित थे.

जानकारी के अनुसार आरक्षी श्याम कुमार लंबे समय से किडनी की गंभीर बीमारी से ग्रसित थे. उनका बाहर के अस्पतालों में भी लगातार इलाज चल रहा था. बीते बुधवार की रात अचानक तबीयत अधिक बिगड़ने पर जैप-09 के नर्सिंग अर्दली सीताराम पासवान द्वारा उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल साहिबगंज में भर्ती कराया गया, जहां देर रात करीब 3:30 बजे इलाज के दौरान उनका निधन हो गया.
इस घटना के बाद जैप-09 मैदान में शोकसभा का आयोजन कर दिवंगत जवान को अंतिम सलामी दी गई. इस मौके पर साहिबगंज मुख्यालय डीएसपी विजय कुशवाहा सहित जैप-09 के सभी पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे. सभी ने नम आंखों से आरक्षी श्याम कुमार को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान को याद किया.
शोकसभा के उपरांत आरक्षी श्याम कुमार के पार्थिव शरीर को पूरे सम्मान के साथ परिजनों को सौंपते हुए उनके पैतृक गांव चतरा भेज दिया गया. जवान की असमय मौत से न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरा पुलिस परिवार गहरे शोक में डूबा हुआ है. यह घटना एक बार फिर पुलिस बल में तैनात जवानों के स्वास्थ्य और इलाज से जुड़ी सुविधाओं पर भी सवाल खड़े करती है.

