साहिबगंज: जिले के बोरियो थाना क्षेत्र के हरिणचरा पुल पर बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा हुआ जिसने लोगों को झकझोर दिया. बताया जा रहा है कि तीन युवक एक ही स्कूटी पर सवार होकर पुल पार कर रहे थे. इसी दौरान स्कूटी का अचानक संतुलन बिगड़ गया और तीनों युवक पुल से कई फीट नीचे गहराई में जा गिरे.

घटना के बाद मौके पर अफरा- तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने देखा तो तीनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश पड़े थे. ग्रामीणों ने तुरंत 108 नंबर पर कॉल कर एंबुलेंस को सूचना दी लेकिन देर तक एंबुलेंस घटनास्थल पर नहीं पहुंची.

घायलों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है. हादसे के बाद आसपास के लोग भी गुस्से में हैं और प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. पुल की सुरक्षा व्यवस्था और एंबुलेंस सेवा की देरी को लेकर भी लोगों में नाराजगी है. समाचार लिखे जाने तक युवकों को रेस्क्यू नहीं किया जा सका है.

