सहरसा: विधानसभा चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सजग और सतर्क नजर आ रहा है. चुनाव से पहले शहर में कानून- व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए पुलिस ने वाहन जांच अभियान तेज कर दिया है. इसी क्रम में नयाबाजार स्थित पेट्रोल पंप के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने कुख्यात अपराधी आशीष कुमार उर्फ जग्गा यादव को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है.

साइबर डीएसपी अजीत कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि वाहन जांच के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहन को रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी भागने की फिराक में था. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया. तलाशी के दौरान एक देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और एक कार बरामद की गई.
डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का सहयोगी रुपेश यादव भी पुलिस की गिरफ्त में है. दोनों से पूछताछ जारी है. जांच में पता चला है कि जग्गा यादव के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और उसका लंबा आपराधिक इतिहास रहा है.
अजीत कुमार ने बताया कि आरोपी जग्गा यादव को पहले भी सहरसा से अरबल जिला बदर किया गया था, लेकिन वह फिर से क्षेत्र में सक्रिय हो गया था. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वह किस मकसद से शहर में आया था और किससे मिलने वाला था.
सहरसा पुलिस का कहना है कि चुनाव के मद्देनज़र किसी भी आपराधिक तत्व को सक्रिय नहीं होने दिया जाएगा. जिले में हर संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है ताकि मतदान के दौरान शांति और कानून व्यवस्था कायम रह सके.

