सहरसा: बिहार के सहरसा स्थित प्रमंडलीय सभागार में कोशी प्रमंडल के आयुक्त राजेश कुमार की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया. जनता दरबार में सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिले से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनी गईं.

इस दौरान कुल लगभग पंद्रह आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें भूमि अतिक्रमण, जमीन से बेदखली, बिहार लोक शिकायत निवारण से जुड़े मामले सहित अन्य प्रशासनिक समस्याएं प्रमुख रहीं. आयुक्त राजेश कुमार ने सभी आवेदनों की क्रमवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए.
आयुक्त ने अंचलाधिकारी (सीओ), अपर समाहर्ता, भूमि सुधार उपसमाहर्ता सहित अन्य विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी मामलों का निष्पादन समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि जनता दरबार प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम है, जिससे लोगों को समय पर न्याय मिल सके.

