आदित्यपुर: आरआईटी निवासी एवं सहारा इंडिया के अभिकर्ता रहे स्वर्गीय झुमक लाल निषाद के परिजनों से गुरुवार को सहारा प्रबंधन के अधिकारियों, अभिकर्ताओं एवं निवेशकों ने मुलाकात की. इस दौरान उनके श्राद्धकर्म के लिए 56 हजार रुपये का आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया.

आर्थिक सहयोग प्रदान करने वालों में रीजनल प्रमुख राजीव कुमार, प्रबंधक संजय सिंह, एफसी मैनेजर, दिलीप शर्मा, संजय कुमार राय, फील्ड वरिष्ठ जयदेव दास, समर कुमार दास, बरजो राम हांसदा, विनय जायसवाल, मुकेश कुमार, शैलेश गुप्ता, विश्वनाथ मार्डी, अजय कुमार सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे.
परिजनों से मुलाकात के दौरान शोक का माहौल रहा और परिवार के सदस्य बेहद मायूस नजर आए. बताया जाता है कि पिछले करीब 13 वर्षों से चले आ रहे सहारा-सेबी विवाद के कारण सहारा इंडिया परिवार से जुड़े करोड़ों निवेशक और लाखों अभिकर्ता वित्तीय संकट का सामना कर रहे हैं. स्वर्गीय झुमक लाल निषाद भी उन्हीं अभिकर्ताओं में से एक थे.
करीब तीन वर्षों से गंभीर आर्थिक तंगी से जूझ रहे निषाद गंभीर बीमारी की चपेट में आ गए थे और हाल ही में उनका निधन हो गया. वे अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं.
जानकारी के अनुसार अपने कार्यकाल में स्वर्गीय निषाद ने बतौर सहारा इंडिया अभिकर्ता उल्लेखनीय पहचान बनाई थी. उन्होंने कई जरूरतमंद परिवारों को सहयोग दिया और अनेक युवाओं को रोजगार से जोड़ने का कार्य किया. उनके असामयिक निधन से कॉलोनीवासियों और निवेशकों में शोक की लहर है.

