सरायकेला/ Pramod Singh नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी के रोटरैक्ट क्लब “लव ऑफ नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी” की ओर से डिजिटल शिक्षा प्रोजेक्ट के तहत सिमुलडांगा हाई स्कूल में डिजिटल साक्षरता कार्यशाला का आयोजन किया गया. इस कार्यशाला का उद्देश्य छात्रों को डिजिटल युग की आवश्यक जानकारी से सशक्त बनाना रहा.

कार्यशाला के दौरान छात्रों को कंप्यूटर और इंटरनेट की बुनियादी जानकारी दी गई. साथ ही उन्हें इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन सावधानियों और साइबर सुरक्षा से जुड़े अहम पहलुओं के बारे में जागरूक किया गया. रोटरैक्ट क्लब की टीम ने छात्रों को बताया कि किस तरह वे डिजिटल संसाधनों का सही और सुरक्षित तरीके से उपयोग कर सकते हैं.

कार्यक्रम में इंटरैक्टिव सेशन और हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग के माध्यम से छात्रों की भागीदारी सुनिश्चित की गई, जिससे वे तकनीक को बेहतर ढंग से समझ सकें. छात्रों ने भी कार्यशाला में उत्साहपूर्वक भाग लिया और डिजिटल शिक्षा से जुड़े सवाल पूछे.

रोटरैक्ट क्लब की ओर से कहा गया कि इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों के छात्रों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाना है, ताकि वे भविष्य की चुनौतियों का सामना आत्मविश्वास के साथ कर सकें. कार्यक्रम के समापन पर क्लब की ओर से स्कूल प्रशासन और सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया.

