सरायकेला/ Pramod Singh राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत गुरुवार को घोड़ा बाबा मंदिर के समीप आयोजित मेले में पहुंचे लोगों के बीच सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया.

कार्यक्रम के दौरान लोगों को बताया गया कि सड़क सुरक्षा की शुरुआत स्वयं से करनी चाहिए और इसके प्रति अपने परिवार एवं मित्रों को भी जागरूक करना आवश्यक है. आयोजन स्थल पर लोगों के बीच पंपलेट का वितरण किया गया और सभी को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई गई.
इसी क्रम में घोड़ा बाबा मंदिर के निकट जिला परिवहन पदाधिकारी गिरजा शंकर महतो, मोटरयान निरीक्षक दिलीप कुमार तथा स्थानीय लोगों द्वारा पतंग उड़ाकर सड़क सुरक्षा का संदेश दिया गया. अधिकारियों ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करने से दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है और कई अनमोल जानें बचाई जा सकती हैं.
कार्यक्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी गिरजा शंकर महतो, मोटरयान निरीक्षक दिलीप कुमार सहित सड़क सुरक्षा टीम के सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे.

