मधेपुरा: बिहार के मधेपुरा जिले में मुरलीगंज से बिहारीगंज जाने वाली मुख्य सड़क SH-91 पर एक बार फिर भीषण सड़क हादसा हुआ. जानकारी के अनुसार, आल्टो कार और ट्रक के आमने-सामने टकराने से आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा इतना भयानक था कि कार के परखच्चे उड़ गए.

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया. घायल लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है.
मुरलीगंज–बिहारीगंज SH-91 मार्ग पर लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं. इसके बावजूद प्रशासन और सड़क विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार, भारी वाहनों की आवाजाही और सुरक्षा इंतजामों की कमी के कारण यह मार्ग लगातार जानलेवा साबित हो रहा है.
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है.

