आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai झारखंड राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष जानकी प्रसाद यादव बुधवार को सरायकेला पहुंचे. उनके आगमन पर राजद नेताओं ने भव्य स्वागत किया. इस अवसर पर आयोग के सदस्य लक्ष्मण यादव और नंद कुमार मेहता भी उपस्थित थे.

राष्ट्रीय जनता दल बुद्धिजीवी मंच के प्रदेश अध्यक्ष जनार्दन कुमार और जिला अध्यक्ष बैजू कुमार ने अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सभी अतिथियों का स्वागत किया. वहीं बैजू कुमार ने आयोग अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा.
उन्होंने ज्ञापन में नगर निकायों जैसे मेयर, उपमेयर, अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के पदों पर पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षण सुनिश्चित करने की मांग की. इस दौरान पिछड़ा वर्ग की भागीदारी और राजनीतिक प्रतिनिधित्व पर विस्तार से चर्चा की गई. आयोग अध्यक्ष जानकी प्रसाद यादव ने सभी बातों को गंभीरता से सुनने और विचार करने का आश्वासन दिया. उन्होंने ट्रिपल टेस्ट प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का संकेत भी दिया. इससे नगर निकायों में आरक्षण को न्यायिक और संवैधानिक रूप से लागू किया जा सकेगा.

