पटना/ Arzoo Bakhsh राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने पटना में आयोजित वोटर अधिकार यात्रा के दौरान जनता से लोकतंत्र की मजबूती और वोट के अधिकार की रक्षा का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि वोट का अधिकार हर नागरिक का संवैधानिक हक है और इसे कमजोर करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

लालू प्रसाद यादव ने अपने संबोधन में कहा, “वोट का अधिकार है और हम लोकतंत्र को मिटने नहीं देंगे. लोकतंत्र को बचाने के लिए हमने बहुत सारी कुर्बानियां दी हैं और आगे भी करते रहेंगे. इसे मिटने नहीं देंगे.” उन्होंने जोर देकर कहा कि जनता की ताकत सबसे बड़ी ताकत है और संविधान ने जो अधिकार दिए हैं, उन्हें सुरक्षित रखना सभी की जिम्मेदारी है.
राजद प्रमुख ने वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य का जिक्र करते हुए कहा कि आज देश में लोकतांत्रिक संस्थाओं और जनता के अधिकारों पर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे गांव- गांव जाकर जनता को जागरूक करें और हर हाल में वोट डालने के लिए प्रेरित करें. यात्रा में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए. जगह- जगह लालू यादव का जोरदार स्वागत किया गया और लोकतंत्र बचाने के नारे लगाए गए. कार्यक्रम में पार्टी नेताओं ने भी लोगों से अपील की कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र की रक्षा करें.

