सरायकेला: राष्ट्रीय जनता दल के 29वें स्थापना दिवस के अवसर पर 5 जुलाई को होटल राज प्रभा में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. इस कार्यक्रम का नेतृत्व पूर्वी सिंहभूम के प्रभारी और राजद के प्रदेश महासचिव पुरेंद्र नारायण सिंह और युवा राजद के जिला अध्यक्ष उदित यादव करेंगे. इसकी जानकारी शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पुरेन्द्र नारायण सिंह ने दी.

कार्यक्रम में राष्ट्रीय जनता दल पर आधारित प्रश्नोत्तर प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा. इसके अलावा, राजद की नीतियों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने वाले पांच कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा. भोजपुरी के सुप्रसिद्ध युवा गायक श्री राजेश रसिक कार्यक्रम में नए गीतों की प्रस्तुति करेंगे, जो राजद के स्थापना दिवस के अवसर पर विशेष रूप से तैयार किए गए हैं.
पुरेंद्र नारायण सिंह ने बताया कि राजद शीघ्रताशीघ्र जातीय जनगणना कराने और आबादी के आधार पर सरकारी नौकरियों और निजी क्षेत्र में आरक्षण लागू किए जाने की मांग को लेकर आंदोलन प्रारंभ करेगा. इसके अलावा, राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आबादी के आधार पर एसटी, एससी और ओबीसी को विधानसभा, विधान परिषद, लोकसभा और राज्यसभा में आरक्षण को लेकर भी आंदोलन शुरू किया जाएगा. मौके पर नगर अध्यक्ष अश्वनी कुमार सिंह, पूर्व पार्षद सिद्धनाथ सिंह यादव, कुमार बिपिन बिहारी प्रसाद, देव प्रकाश, एसडी प्रसाद आदि उपस्थित रहे.

