आदित्यपुर/ Aman Kumar आरआईटी थाना क्षेत्र अंतर्गत रोड नंबर 12, ब्लॉक संख्या 30/1/4 से 77 वर्षीय महिला के लापता होने का मामला सामने आया है. परिजनों ने थाना में आवेदन देकर महिला की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है.

आवेदन के अनुसार लापता महिला का नाम राज दुलारी देवी है. उनकी उम्र 77 वर्ष बताई गई है. परिजनों के मुताबिक 9 फरवरी को दोपहर करीब 3 बजे वह घर से बाहर निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं. इसके बाद परिवार के लोगों ने अपने स्तर से आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है. महिला के बेटे बिनोद खान, पिता स्वर्गीय परमेश्वर खान, ने आरआईटी थाना में लिखित आवेदन सौंपकर अपनी मां की तलाश करने की मांग की है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
परिजनों के अनुसार राज दुलारी देवी का रंग गोरा है और उनकी लंबाई लगभग 5 फीट है. वह घर से निकलते समय सीमेंट रंग की साड़ी पहने हुई थीं. उनके बाल सफेद हैं और वह हिंदी तथा मैथिली भाषा बोलती हैं. परिवार का स्थायी पता ग्राम पोस्ट पहाड़ी, थाना बनगांव, जिला सहरसा, बिहार बताया गया है. परिजनों ने प्रशासन से अपील की है कि महिला की तलाश कर जल्द से जल्द सकुशल बरामद किया जाए. पुलिस ने भी लोगों से अपील की है कि यदि किसी को संबंधित महिला के बारे में कोई जानकारी मिले तो तत्काल आरआईटी थाना से संपर्क करें.

