मधुपुर/ Md. Aslam शहर के पनाहकोला रोड स्थित भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी परिसर में रविवार को ठंड से राहत दिलाने के उद्देश्य से कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में एसडीपीओ सतेन्द्र प्रसाद एवं रेड क्रॉस के चेयरमैन डॉ. अरुण कुमार गुटगुटिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे.

इस अवसर पर रेड क्रॉस के चेयरमैन डॉ. अरुण कुमार गुटगुटिया ने कहा कि भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी हर वर्ष जरूरतमंदों की सेवा के लिए इस तरह के मानवीय कार्यक्रम आयोजित करती आ रही है और यह सिलसिला आगे भी लगातार जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों तक सहायता पहुंचाना है. इसी भावना के तहत इस वर्ष भी लगभग 200 से अधिक जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल का वितरण किया गया.
एसडीपीओ सतेन्द्र प्रसाद ने रेड क्रॉस द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में मानवता और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं. ठंड के मौसम में जरूरतमंदों को कंबल मिलना उनके लिए बड़ी राहत है.
कार्यक्रम में रेड क्रॉस के सचिव महेंद्र घोष, उपाध्यक्ष हेमंत नारायण सिंह एवं कन्हैया लाल कन्नू, नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन संजय यादव, पूर्व उपाध्यक्ष जियाउल हक ‘टार्जन’, पप्पू यादव, सच्चिदानंद सिंह, सुखदेव रवानी, ऐनुल होदा, हाजी अल्ताफ हुसैन, कार्यक्रम पदाधिकारी रामसेवक पासवान, रंजन सिन्हा, दीपक मिश्रा, शाकिब खान, गुड्डू दुबे, करण पटेल, सुल्तान अहमद, दिलीप, शबिला अंजुम, सुचेता घोष, इमरान, कमरान, राजेश कुमार सहित रेड क्रॉस के कई सदस्य एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे.
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर उपस्थित लोगों ने रेड क्रॉस परिवार के सेवा भाव की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की निरंतरता की उम्मीद जताई.

