रांची: जिले के सिल्ली प्रखंड के पतराहातू गांव में दिन के उजाले में अचानक लकड़बग्घा घुस आया, जिससे ग्रामीणों में अफरा- तफरी मच गई.

ग्रामीणों ने शोर मचाकर जानवर को भगाने का प्रयास किया, लेकिन लकड़बग्घा पास स्थित आदर्श उच्च विद्यालय परिसर में चला गया.
जानवर स्कूल परिसर के ऐसे कमरे में घुस गया, जिसका कोई नियमित उपयोग नहीं होता. घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में तनाव का माहौल बन गया और तुरंत वन विभाग को सूचित किया गया. सूचना मिलने पर रांची के ओरमांझी स्थित बिरसा जैविक उद्यान से विशेषज्ञ रेस्क्यू टीम को मौके पर बुलाया गया. टीम ने करीब तीन घंटे की मेहनत के बाद लकड़बग्घे को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया.
रेस्क्यू के बाद लकड़बग्घे को ओरमांझी ले जाया गया, जहां उसकी देखभाल की जाएगी.
ध्यान देने वाली बात यह है कि इसी क्षेत्र से लगभग पांच किलोमीटर की दूरी पर कुछ महीने पहले एक बाघ भी गांव के पास पहुंचा था, जिसे वन विभाग ने सुरक्षित रूप से रेस्क्यू किया था. लगातार जंगली जानवरों की गतिविधियों से ग्रामीणों में डर और चिंता बनी हुई है.
सिल्ली के प्रभारी वनपाल जयप्रकाश साहू ने बताया कि लकड़बग्घा पहले गांव में घुसा और ग्रामीणों द्वारा भगाए जाने के बाद स्कूल के अनुपयोगी कमरे में चला गया, जहां से उसे सुरक्षित बाहर निकाला गया.
फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.

