रांची: सदर थाना क्षेत्र के मौलाना आज़ाद कॉलोनी में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. घर के बाहर खेल रहे दो मासूम बच्चे अचानक संतुलन बिगड़ने से गहरे नाले में गिर गए. उस समय नाले में पानी का बहाव तेज था, जिसके कारण दोनों बच्चे बहने लगे.

बच्चों को डूबता देख उनकी मां ने अद्भुत साहस का परिचय दिया. बिना किसी हिचकिचाहट के वह उफनते नाले में कूद पड़ीं और एक बच्चे का हाथ पकड़कर उसे सुरक्षित बाहर निकालने में सफल रहीं. हालांकि, तेज धार के कारण दूसरा बच्चा उनकी पकड़ से छूट गया और पानी के साथ आगे बह गया.
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई. बताया जा रहा है कि यह नाला आगे चलकर नामकुम स्थित स्वर्णरेखा नदी में मिल जाता है. सूचना मिलते ही प्रशासन और स्थानीय गोताखोरों की टीम ने बच्चे की तलाश शुरू कर दी.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दूसरे बच्चे की मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि समाचार लिखे जाने तक तलाश अभियान जारी था. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में नालों और जलभराव वाले इलाकों से बच्चों को दूर रखें.

