रांची: झारखण्ड की राजधानी रांची से एक दर्दनाक खबर सामने आई है. जहां जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र स्थित लटमा इलाके में एक महिला ने अपने दो बच्चों के साथ आत्महत्या कर ली. घटना एक अपार्टमेंट के फ्लैट की है, जहां महिला ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली. मां के साथ उसके दोनों बच्चों के शव भी फंदे से लटके मिले.

स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि महिला और उसके पति के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था. इसी पारिवारिक कलह के चलते महिला ने यह खौफनाक कदम उठाया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है. घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है. यह आत्महत्या है या इसके पीछे कुछ और वजहें हैं, पुलिस सभी पहलुओं से जांच में जुटी है. घटना ने रांची समेत पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है.

