रांची: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड आंदोलन के प्रणेता दिशोम गुरु शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर सोमवार देर शाम रांची पहुंच गया है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी विधायक कल्पना सोरेन विशेष विमान से दिवंगत गुरुजी के पार्थिव शरीर को लेकर रांची पहुंचे.

रांची एयरपोर्ट से पार्थिव शरीर को मोरहाबादी स्थित उनके आवास पर लाया गया. यहां आम से लेकर खास तक, पार्टी कार्यकर्ता से लेकर तमाम नेता और गणमान्य लोग उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे. राज्यभर से लोग अंतिम दर्शन के लिए रांची पहुंच रहे हैं.
सरकारी कार्यक्रम के तहत उनका पार्थिव शरीर कल मंगलवार को उनके पैतृक गांव नेमरा (रामगढ़) ले जाया जाएगा. जहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा. जानकारी के अनुसार, मंगलवार को दिन के तीन बजे उन्हें मुखाग्नि दी जाएगी. गौरतलब है कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने झारखंड अलग राज्य की लड़ाई में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी. उनके निधन से राज्यभर में शोक की लहर है.

