रांची: रांची रेलवे स्टेशन पर शनिवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया, जिससे पूरे स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया. प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर खड़ी स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस की छत पर एक युवक अचानक चढ़ गया और ऊपर से गुजर रहे करीब 25,000 वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गया.


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक जैसे ही ट्रेन की छत पर खड़ा हुआ, उसका शरीर हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गया. संपर्क होते ही जोरदार धमाका हुआ और युवक के शरीर में भीषण आग लग गई. धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्री दहशत में आ गए और इधर- उधर भागने लगे.
घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा- तफरी का माहौल बन गया. मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत रेलवे पुलिस और स्टेशन प्रबंधन को इसकी सूचना दी.
सूचना मिलते ही रेलवे प्रोटेक्शन फ़ोर्स और जीआरपी की टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. फिलहाल युवक की पहचान और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है.

