रांची: राजधानी के रातू इलाके में शुक्रवार सुबह पुलिस और कुख्यात राहुल दुबे गैंग के बीच मुठभेड़ हुई है. इस मुठभेड़ में दो अपराधियों को गोली लगी है जबकि पुलिस ने घटनास्थल से भारी मात्रा में हथियारों का जखीरा बरामद किया है. मौके से 10 पिस्टल सहित कई हथियार जब्त किए गए हैं.

घटना की सूचना मिलते ही रांची एसएसपी राकेश रंजन स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. पुलिस सूत्रों के अनुसार अपराधी किसी कारोबारी को मारने की योजना बना कर पहुंचे थे. लेकिन पुलिस की तत्परता से बड़ी घटना टल गई.
यह मुठभेड़ रातू थाना क्षेत्र के कोकडेटांड के पास हुई. पुलिस की विशेष टीम को सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गैंग के सदस्य किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के फिराक में हैं. इस पर एसएसपी के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया.
पुलिस टीम जैसे ही रातू- खलारी रोड इलाके में पहुंची. अपराधियों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की. इस गोलीबारी में राहुल दुबे गैंग के दो अपराधी घायल हो गए. दोनों को पुलिस ने कब्जे में लेकर इलाज के लिए भेजा है.
मौके से पुलिस ने 10 पिस्टल, कई कारतूस और अन्य हथियार बरामद किए हैं. साथ ही पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि गैंग के अन्य सदस्यों की पहचान कर छापेमारी जारी है.

