रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में बुधवार को झारखंड मंत्रालय में आयोजित कैबिनेट की बैठक समाप्त हुई. बैठक में कुल 18 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य गठन के 25 वर्ष पूरे होने पर झारखंड अब नई ऊर्जा, नई सोच और नए संकल्प के साथ विकास की राह पर आगे बढ़ेगा.

सीएम ने कहा कि 15 नवंबर को झारखंड स्थापना दिवस हमारे लिए गर्व और आत्मचिंतन का अवसर है. यह राज्य संघर्षों और बलिदानों के लंबे इतिहास के बाद अस्तित्व में आया है. उन्होंने कहा कि जब राज्य 25वें स्थापना दिवस की ओर अग्रसर है, तो हमें इस अवसर पर यह संकल्प लेना चाहिए कि झारखंड को विकास, समृद्धि और सामाजिक न्याय के नए आयामों तक कैसे पहुंचाया जाए.
मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले वर्षों में झारखंड विकास की नई ऊंचाइयां छुएगा. उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपनी प्रतिभा, कौशल और रचनात्मकता के माध्यम से राज्य निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर समाज और हर वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है. आने वाली पीढ़ियों के लिए एक खूबसूरत और सुनहरा झारखंड बनाने की दिशा में सरकार तेजी से कार्य कर रही है.
स्वास्थ्य विभाग द्वारा ‘रक्तदान महादान अभियान’ की शुरुआत. मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ने किया रक्तदान
राज्य स्थापना दिवस समारोह से पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफ़ान अंसारी ने झारखंड मंत्रालय में रक्तदान कर “रक्तदान महादान अभियान” की औपचारिक शुरुआत की. यह अभियान पूरे राज्य में 28 नवंबर तक चलाया जाएगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल जरूरतमंदों के जीवन को बचाने की दिशा में एक मानवीय प्रयास है.
उन्होंने कहा कि “आज हमने भी रक्तदान किया, स्वास्थ्य मंत्री ने भी किया, और हम चाहते हैं कि राज्य का हर नागरिक इस पुनीत कार्य में सहभागी बने.” मुख्यमंत्री ने मीडिया प्रतिनिधियों से भी अपील करते हुए कहा कि “पत्रकार साथी भी इस अभियान में हिस्सा लें और रक्तदान कर समाज में सकारात्मक संदेश दें.”
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान राज्य के गरीबों, जरूरतमंदों और गंभीर रोगियों के लिए जीवनदान साबित होगा. उन्होंने सभी जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस अभियान को जनआंदोलन के रूप में सफल बनाएं.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
