रांची: बिहार विधानसभा चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) ने इस बार अपने उम्मीदवार नहीं उतारे हैं. सोमवार को दूसरे और अंतिम चरण के लिए नामांकन की अंतिम तिथि समाप्त हो गई, लेकिन पार्टी ने किसी भी सीट के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी नहीं की. इससे साफ हो गया है कि झारखंड की सत्तारूढ़ पार्टी जेएमएम का इस बार बिहार चुनावी मैदान में कोई प्रतिनिधि नहीं होगा.

मालूम हो कि पार्टी की ओर से 18 अक्टूबर को केंद्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर छह सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की थी. इन सीटों में जमुई, चकाई, धमदाहा, मनिहारी, पीरपैंती और कटोरिया शामिल थीं. लेकिन दो दिन बाद यानी 20 अक्टूबर नामांकन की अंतिम तारीख तक पार्टी की ओर से न तो उम्मीदवारों की सूची जारी की गई और न ही किसी ने नामांकन दाखिल किया.
18 अक्टूबर की प्रेस कॉन्फ्रेंस में सुप्रियो भट्टाचार्य ने आरजेडी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला था. उन्होंने महागठबंधन के सहयोगी दलों पर धोखा देने का आरोप लगाते हुए कहा था कि जेएमएम को सीट बंटवारे में नजरअंदाज किया गया है. हालांकि, इसके बावजूद पार्टी ने स्वतंत्र रूप से चुनाव मैदान में उतरने का दावा किया था.
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि अंतिम समय में उम्मीदवारों की घोषणा न करना जेएमएम के रणनीतिक पुनर्विचार का संकेत है. पार्टी संभवतः अब झारखंड की सीमाओं से बाहर संगठन को मजबूत करने की योजना को फिलहाल टाल चुकी है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
