रांची: जिले के मुरी ओपी क्षेत्र के कोचो पंचायत अंतर्गत माडदू गांव में उस समय अफरा- तफरी मच गई, जब एक ग्रामीण के घर में बाघ जैसे जंगली जानवर के घुसने की सूचना फैली. स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह घर के भीतर किसी भारी- भरकम जानवर की आवाज़ सुनाई दी, और दरवाज़ा खोलते ही गांव में दहशत का माहौल बन गया.

*बाघ या लकड़बग्घा? पुष्टि के लिए रेस्क्यू टीम बुलाई गई*

घटना की जानकारी मिलते ही मुरी ओपी प्रभारी कुंदन कुमार, पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि “यह बाघ है या लकड़बग्घा, इसकी पुष्टि रेस्क्यू टीम आने के बाद ही हो सकेगी. फिलहाल लोगों को क्षेत्र से दूर रहने की हिदायत दी गई है.”
*वन विभाग और पुलिस सतर्क*
स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए ओरमांझी जैविक उद्यान से विशेषज्ञ रेस्क्यू टीम को बुलाया गया है, जो घटनास्थल के लिए रवाना हो चुकी है. वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने जिस घर में जानवर घुसा है, उसके आसपास का पूरा क्षेत्र सील कर निगरानी शुरू कर दी है. इस बीच खबर फैलते ही आसपास के गांवों से लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. हजारों की संख्या में लोग बाघ को देखने पहुंचने लगे, जिससे प्रशासन को भीड़ को नियंत्रित करने में खासी मशक्कत करनी पड़ी. वन विभाग की अपील है कि लोग अफवाहों पर ध्यान न दें और पूरी जानकारी मिलने तक सुरक्षित दूरी बनाए रखें. रेस्क्यू टीम के पहुंचने के बाद ही जानवर की सही पहचान और रेस्क्यू की प्रक्रिया शुरू होगी.
*ग्रामीणों का डर और जिज्ञासा*
ग्रामीणों के अनुसार, यह पहला मौका है जब बाघ जैसे जंगली जानवर ने किसी घर में घुसपैठ की है. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में डर और जिज्ञासा दोनों का माहौल बना हुआ है.

