रांची: मुख्यालय से करीब 60 किलोमीटर दूर खलारी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जहां एक सिरफिरे प्रेमी ने पहले अपनी प्रेमिका को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया, उसके बाद घर पहुंचकर खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली. इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.

घटना खलारी स्थित केडीएह ग्राउंड के नजदीक की बताई जा रही है. प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक ने सुबह अपनी प्रेमिका को केडीएह ग्राउंड के पास रोका. दोनों के बीच कुछ देर तक बातचीत हुई, हालांकि बातचीत में क्या कहा गया, इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हो सकी है. बातचीत के कुछ ही पलों बाद युवक ने अचानक युवती पर गोली चला दी.
गोली लगते ही युवती जमीन पर गिर पड़ी और गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा- तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवती को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि युवक ने गोली चलाने से पहले और बाद में एक वीडियो भी बनाया था. यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल होने की चर्चा में है. बताया जा रहा है कि वीडियो में युवक ने अपने कदम उठाने की वजह और पूरी कहानी बताई है, हालांकि पुलिस ने अभी तक वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
प्रेमिका को गोली मारने के बाद युवक मौके से फरार हो गया. वह सीधे अपने घर पहुंचा और वहां खुद को भी गोली मार ली. गोली लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. प्रेम-प्रसंग, आपसी विवाद और मानसिक स्थिति समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि युवक के पास हथियार कहां से आया और घटना से पहले दोनों के बीच क्या तनाव था. इस सनसनीखेज वारदात के बाद खलारी क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है. स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं और इसे बेहद दुखद और चिंताजनक बता रहे हैं.

