रांची: भारत के पड़ोसी देश नेपाल के पोखरा स्टेडियम में 6 से 10 अक्टूबर तक आयोजित इंडो- नेपाल यूथ चैम्पियनशिप- 2025 में भारत की पुरुष और महिला फुटबॉल टीमों ने हिस्सा लिया. यह प्रतियोगिता मिनिस्ट्री ऑफ एमएसएमई एवं फिट इंडिया (नीति आयोग, भारत सरकार) से संबद्ध रही और इसका आयोजन भारतीय युथ एजुकेशन फेडरेशन इंडिया के तत्वावधान में किया गया. इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड से कई युवा खिलाड़ियों का चयन भारतीय फुटबॉल टीम में हुआ, जो राज्य और देश दोनों के लिए गौरव की बात है.

भारतीय महिला टीम ने नेपाल में दिखाया जलवा
नेपाल के पोखरा स्टेडियम में आयोजित फाइनल मैच में भारत की महिला फुटबॉल टीम ने नेपाल की सशक्त टीम को 6- 0 गोल से पराजित कर इंडो- नेपाल यूथ चैम्पियनशिप 2025 का खिताब अपने नाम किया. इस जीत में झारखंड और पश्चिम बंगाल की महिला खिलाड़ियों का शानदार योगदान रहा.
भारत की महिला फुटबॉल टीम में झारखंड की बेटियों की चमक
महिला फुटबॉल टीम की कप्तान संगीता कुमारी के नेतृत्व में बबिता हेंब्रम, बांसती टुडू, सबिता हेंब्रम, रीतिका किस्कू, सुरजमनी हेंब्रम, आशा मुण्डा, जिया सोरेन, अर्चना राय, मनिशा हांसदा, वर्षा मुर्मु, सीमा हेंब्रम, नामिता मुर्मु और पुष्पा कुमारी ने शानदार प्रदर्शन किया. टीम की कोच काजल कुमारी, शंभु सेन और प्रबंधक अंजना सिंह के निर्देशन में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट टीम भावना का परिचय दिया.
पुरुष फुटबॉल टीम बनी उपविजेता
पुरुष वर्ग में भारत की टीम को नेपाल से 5-1 गोल से पराजित होना पड़ा और टीम उपविजेता बनी. भारतीय पुरुष टीम के कोच विष्णु उरांव के नेतृत्व में कप्तान उद्देश कुमार, सुदामा हेंब्रम, सूरज लोहरा, अंकित उरांव, रोशन उरांव, राहुल उरांव, कृष्णा उरांव, कृष्णा कुमार मुण्डा, मोफिक अली, निखिल कुमार सिंह और अमर अंसारी ने खेला.
झारखंड की बेटी संगीता कुमारी ने दी प्रेरणा
महिला टीम की कप्तान और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी संगीता कुमारी ने कहा कि यह जीत टीम के सामूहिक प्रयास और बेहतर मैनेजमेंट का परिणाम है. उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में झारखंड के कई खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे. साथ ही उन्होंने राज्य सरकार से खेल प्रतिभाओं को सहयोग देने की अपील की.



भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
