रांची: झारखंड की राजधानी रांची में भूमि फर्जीवाड़े के खिलाफ आवाज उठाना एक वरीय पत्रकार को भारी पड़ता दिख रहा है. एक्सपर्ट मीडिया न्यूज के प्रधान संपादक और वरीय पत्रकार मुकेश कुमार मुकेश भारतीय का आरोप है कि न्याय की गुहार लगाने पर जिला प्रशासन ने उनसे संवाद ही बंद कर दिया.

पत्रकार मुकेश भारतीय ने बताया कि कांके अंचलाधिकारी अमित भगत और रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने उनके मोबाइल नंबर और व्हाट्सएप को ब्लॉक कर दिया है. यही नहीं, रांची DC के आधिकारिक X हैंडल @DC_Ranchi से भी उन्हें ब्लॉक कर दिया गया है. आरोप है कि यह कार्रवाई केवल इसलिए की गई क्योंकि उन्होंने भूमि विवाद से जुड़ी एक सूचनात्मक टिप्पणी X पर की थी.
मुकेश भारतीय के अनुसार यह मामला कांके अंचल अंतर्गत मौजा नेवरी की कृषि भूमि से जुड़ा है. उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी आशा कुमारी और दो अन्य के नाम पर खाता संख्या 17, आरएस प्लॉट संख्या 1335 की 25 डिसमिल कृषि भूमि है, जिस पर वे लंबे समय से वैध कब्जे में हैं. इसके बावजूद उक्त भूमि से जुड़े कथित फर्जीवाड़े और प्रशासनिक लापरवाही की शिकायत करने पर संबंधित अधिकारियों ने संवाद का रास्ता ही बंद कर दिया.
वरीय पत्रकार का कहना है कि एक लोकतांत्रिक व्यवस्था में अधिकारी जनता और मीडिया से संवाद के लिए बाध्य होते हैं. सरकारी नंबरों और आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से किसी पत्रकार को ब्लॉक करना न केवल प्रशासनिक असंवेदनशीलता को दर्शाता है, बल्कि संविधान के अनुच्छेद 19(1)(a) के तहत प्रदत्त अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर भी सीधा प्रहार है.
पत्रकार संगठनों और मीडिया से जुड़े लोगों ने इस पूरे मामले को गंभीर बताया है. उनका कहना है कि यदि शिकायत करने और सवाल पूछने पर पत्रकारों को इस तरह ‘साइलेंस मोड’ में डाल दिया जाएगा, तो यह लोकतंत्र और प्रेस की स्वतंत्रता के लिए खतरनाक संकेत है.
मुकेश भारतीय ने स्पष्ट किया है कि वे इस मामले को लेकर अब राज्य के वरीय अधिकारियों और मानवाधिकार आयोग के समक्ष भी जाने की तैयारी कर रहे हैं, ताकि न केवल उनके मामले की निष्पक्ष जांच हो, बल्कि भविष्य में किसी भी पत्रकार के साथ इस तरह का व्यवहार न हो.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
