रांची: जिले के बुंडू अनुमंडल के सोनाहातू प्रखंड से एक बेहद दु:खद खबर सामने आई है. जहां बीती रात हुए भारी बारिश के चलते तेलवाडीह गांव में एक कच्चा मकान अचानक गिर गया. इस हादसे में मलबे के नीचे दबकर 12 साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई.

हादसे के वक्त घर में पूरा परिवार सो रहा था. जैसे ही मकान ढहा, पूरा परिवार सहम गया. गांववाले जब तक मदद के लिए पहुंचे, तब तक बहुत देर हो चुकी थी और बच्चे की मौत हो गई. हादसे में घर के अन्य लोग भी घायल हुए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर अबुआ आवास योजना के तहत समय पर पक्का मकान मिल जाता, तो यह हादसा टल सकता था. ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि आखिर सरकारी योजनाएं ज़रूरतमंदों तक समय पर क्यों नहीं पहुंचतीं ? आज एक मां की गोद उजड़ गई. उसकी आंखों के आंसू नहीं थम रहे. गांव के लोग पूछ रहे हैं- आखिर इस दर्द का जिम्मेदार कौन है ?

