रांची: बीआईटी मेसरा कैंपस में बुधवार की रात सनसनीखेज घटना सामने आई, जब एमबीए की एक छात्रा पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने ब्लेड से हमला कर दिया. इस वारदात से कैंपस में हड़कंप मच गया और देर रात तक छात्रों ने जोरदार हंगामा किया.

जानकारी के अनुसार, एमबीए पीजी डिपार्टमेंट की एक छात्रा बुधवार रात कैंपस परिसर में टहल रही थी. इसी दौरान अचानक एक अज्ञात युवक वहां पहुंचा और छात्रा के हाथ पर ब्लेड से वार कर दिया. हमले के बाद छात्रा जोर- जोर से चिल्लाने लगी. उसकी आवाज सुनकर नजदीक मौजूद कई छात्र मौके पर दौड़े और हमलावर को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया.
घटना के बाद छात्रों में आक्रोश फैल गया. वे देर रात तक कैंपस में नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन करते रहे. गुरुवार को छात्रों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताते हुए क्लासेज बंद रखने का निर्णय लिया है. फिलहाल घायल छात्रा का इलाज किया जा रहा है और कैंपस में तनाव का माहौल बना हुआ है.

