रांची: टाना भगत इंडोर स्टेडियम में आजसू पार्टी का 40वां स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया गया. इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो और विशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी शामिल हुए.

मुख्य अतिथि सुदेश कुमार महतो ने पार्टी के भविष्य की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की और कहा कि झारखंड में झारखंडी पहचान दिलाने के लिए आंदोलन करने की आवश्यकता है. उन्होंने कार्यकर्ताओं को झारखंड के लिए बलिदान देने वालों से प्रेरणा लेने और उनके सपनों को साकार करने के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया.
बिहार विधानसभा चुनाव पर चर्चा.
आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर भी चर्चा की और कहा कि पार्टी अपने विस्तार के लिए बिहार विधानसभा चुनाव में जाएगी. उन्होंने कहा कि पार्टी एनडीए की साझेदारी में है, लेकिन यदि वार्ता नहीं बनती है तो पार्टी अकेले चुनाव में जाएगी. डेहरी विधानसभा से अपने समर्थकों के साथ कार्यक्रम में पहुंचे मुन्ना सिंह को केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया.

