रामगढ़: जिले के भुरकुंडा जुबिली कॉलेज भवन निर्माण कार्य में ठेकेदार और मुंशी से रंगदारी मांगने और गोली मारने की धमकी देने वाले चार अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.

गिरफ्तार आरोपी पांडेय गिरोह के सदस्य
गिरफ्तार आरोपियों में पांडेय गिरोह के विशाल सिंह उर्फ बाबू, धरम करमाली, शुभम सिंह उर्फ बिट्टू और श्रवण कुमार शामिल हैं. पुलिस ने इनके पास से एक लोडेड देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, मोबाइल और घटना में प्रयुक्त दो बाइक बरामद की है. सभी पांडे गिरोह के सदस्य बताए जा रहे हैं.
पुलिस ने आरोपियों की कराई परेड
गिरफ्तार आरोपियों को भुरकुंडा बाजार संकट मोचन मंदिर से जनता टॉकीज तक पैदल परेड कराई गई. इस दौरान उनका सर शर्म से झुका रहा और बाजार में मौजूद सैकड़ों लोग पुलिस की तारीफ करते नजर आए.
एसपी ने दी जानकारी
एसपी अजय कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जुबिली कॉलेज में बन रहे भवन कार्य में रंगदारी मांगने के मामले में पतरातु थाना कांड दर्ज किया गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातु गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने छापेमारी कर चारों को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में सभी ने स्वीकार किया कि वे पांडेय गिरोह के सदस्य हैं और रंगदारी मांगने व दहशत फैलाने आए थे.

